विश्व स्तनपान सप्ताह के आयोजन पर रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज को बीपीएनआई से मिला उपलब्धि प्रमाण पत्र

बरेली। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (RMCH), बरेली के बाल रोग विभाग को विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के सफल आयोजन एवं स्तनपान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए ब्रेस्टफीडिंग प्रमोशन नेटवर्क ऑफ इंडिया (BPNI) द्वारा सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट (उपलब्धि प्रमाण पत्र) प्रदान किया गया है। यह सम्मान संस्थान द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना है।
विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन प्रतिवर्ष 1 से 7 अगस्त तक किया जाता है। वर्ष 2026 की थीम “सतत जीवन की मजबूत शुरुआत के लिए स्तनपान : प्रभावी प्रयासों को सशक्त बनाना” रही। इसका उद्देश्य स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा माताओं को स्तनपान के लिए अनुकूल वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग ने विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. प्रीति लता राय के नेतृत्व में स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने और माताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।
इसी दिशा में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज में ‘हिरकणी कक्ष’ (Hirkani Kaksh) का शुभारंभ एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। यह कक्ष स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए वरदान बन रहा है। यहां माताओं को अपने शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए आरामदायक, स्वच्छ और निजी वातावरण उपलब्ध हो रहा है। विशेष रूप से अस्पताल आने वाली माताएं अब बिना किसी संकोच के शांतिपूर्वक अपने बच्चों को दूध पिला सकती हैं। इस सुविधा से माताओं को न केवल गोपनीयता और आराम मिल रहा है, बल्कि वे अपने शिशुओं के साथ सुखद समय भी बिता पा रही हैं।
हिरकणी कक्ष की स्थापना का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और अस्पतालों में स्तनपान कराने वाली माताओं की कठिनाइयों को कम करना तथा स्तनपान के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। यह पहल स्तनपान को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ मां और शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूत करने में सहायक है।
बीपीएनआई के मुख्य समन्वयक डॉ. अरुण गुप्ता एवं केंद्रीय समन्वयक डॉ. नूपुर बिड़ला द्वारा प्रदान किया गया यह प्रमाण पत्र विभाग के सामूहिक प्रयासों और प्रतिबद्धता का सम्मान है।
इस उपलब्धि पर विभाग के चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। यह सम्मान न केवल संस्थान के लिए गौरव का विषय है, बल्कि भविष्य में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करने की प्रेरणा भी प्रदान करता है।
रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का बाल रोग विभाग स्तनपान को बढ़ावा देने, माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शिशुओं के स्वस्थ भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।



